धनबाद में बुजुर्ग महिला से मारपीट के आरोप पर बवाल, CISF-ECL के 3 वाहनों में तोड़फोड़

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के निरसा स्थित चापापुर ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) में रविवार को कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची CISF और ECL सिक्योरिटी टीम के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने जंगल में सूखी लकड़ी चुनने गई 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की। घटना की खबर फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुरक्षा टीम को घेर लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने CISF की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और ECL सिक्योरिटी के तीन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मियों के घायल होने और टीम के कुछ सदस्यों को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए जाने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़ें : JSSC नियुक्ति घोटाले की CID जांच पर बाबूलाल मरांडी के सवाल, बोले- प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश

कोयला चोरी के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक, चापापुर OCP क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की सूचना के बाद CISF QRT और ECL सिक्योरिटी की संयुक्त टीम छापेमारी करने पहुंची थी। सुरक्षा बलों को देखकर मौके पर मौजूद संदिग्ध कोयला चोर भागने लगे। इसी दौरान पास के रामकनाली आदिवासी टोला की रहने वाली 70 वर्षीय विमोली हेंब्रम जंगल से सूखी लकड़ियां चुनने जा रही थीं।

ग्रामीणों का आरोप- कोयला चोर समझकर महिला से मारपीट की

ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने विमोली हेंब्रम को भी कोयला चोरी में शामिल समझ लिया और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, बुजुर्ग महिला को कम सुनाई देता है। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान वह सुरक्षाकर्मियों की बात ठीक से नहीं सुन सकीं और जवाब नहीं दे पाईं। इसके बाद उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई। हालांकि, महिला के साथ मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा टीम या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस आरोप पर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट की खबर रामकनाली आदिवासी टोला में पहुंचते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों के हाथों में कुदाल, लाठी-डंडे आदि थे। इसके बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा टीम को घेर लिया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई।

CISF-ECL के तीन वाहनों में तोड़फोड़

विवाद बढ़ने के बाद ग्रामीणों ने CISF और ECL सिक्योरिटी के तीन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान कई सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ECL सिक्योरिटी टीम के सदस्य काजल कुमार गोराई, CISF के वाहन चालक समेत कई अन्य कर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा टीम के सदस्यों को घेर लिया और कुछ कर्मियों को बंधक बनाए जाने की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों ने निर्दोष लोगों को परेशान करने का लगाया आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला चोरी करने वाले वास्तविक लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आसपास रहने वाले गरीब और निर्दोष ग्रामीणों को अक्सर परेशान किया जाता है। ग्रामीणों ने बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट करने वाले सुरक्षाकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। इसके साथ ही महिला के इलाज और मुआवजे की मांग भी की गई है। ग्रामीणों ने भविष्य में आदिवासी और स्थानीय लोगों को बिना वजह परेशान नहीं करने की मांग की है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

संबंधित खबरें