- फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में मांगी विषयवार और कोटिवार मेरिट लिस्ट, अगली सुनवाई 26 सितंबर को
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2016 से जुड़ी नियुक्ति के मामले में वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने JSSC को संशोधित स्टेट वाइज मेरिट लिस्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कमीशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी ने शनिवार को मामले की ऑनलाइन सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कमीशन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में JSSC द्वारा तैयार की गई विषयवार और कोटिवार संशोधित स्टेट वाइज मेरिट लिस्ट पेश करने को कहा। इस सूची के आधार पर शिक्षक नियुक्ति से जुड़े विवादित बिंदुओं की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
सरकार ने शपथ पत्र के लिए मांगा समय
मामले में राज्य सरकार की ओर से माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने JSSC की ओर से सरकार को उपलब्ध कराए गए डाटा के आधार पर हुई नियुक्तियों के संबंध में शपथ पत्र दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा। कमीशन ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 सितंबर की तारीख निर्धारित की है। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शेखर प्रसाद गुप्ता, राजेश कुमार और अन्य ने ऑनलाइन माध्यम से अपना पक्ष रखा।
पिछली सुनवाई में दावों का मांगा गया था विवरण
इससे पहले की सुनवाई में फैक्ट फाइंडिंग कमीशन ने सभी प्रार्थियों को अपना दावा प्रस्तुत करने का अंतिम मौका दिया था। प्रार्थियों को यह बताना था कि वे नियुक्ति के लिए किस आधार पर योग्य हैं। इसके अलावा उन्हें अपनी श्रेणी में उनसे कम अंक पाने वाले अभ्यर्थी के चयन का विवरण और अपने प्राप्त अंकों की जानकारी भी कमीशन के समक्ष प्रस्तुत करनी थी।
यह भी पढ़ें : झारखंड के हीरालाल नायक की मुंबई में मौत, होटल मालिक से विवाद के बाद हुए थे घायल
257 याचिकाओं पर हाईकोर्ट ने बनाया था कमीशन
गौरतलब है कि हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने मीना कुमारी समेत अन्य 257 याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए मामले की जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमीशन गठित किया था। अदालत ने कमीशन को तीन महीने के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था।सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति गौतम कुमार चौधरी को कमीशन का अध्यक्ष बनाया गया है। निर्धारित अवधि में जांच पूरी नहीं होने के बाद हाईकोर्ट ने कमीशन की रिपोर्ट पेश करने की समय-सीमा को तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया है। अब JSSC की संशोधित स्टेट वाइज मेरिट लिस्ट और राज्य सरकार के शपथ पत्र के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।