बलियापुर में मोबाइल दुकान में सेंधमारी, 20 फोन और 1 हजार रुपये लेकर फरार हुए चोर

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के बलियापुर बाजार स्थित माइ मोबाइल गैलेक्सी एंड रिपेयरिंग सेंटर में शुक्रवार देर रात चोरों ने सेंधमारी कर दी। चोर दुकान के पीछे की ईंट की दीवार में सेंध बनाकर अंदर घुसे और 20 एंड्राइड मोबाइल फोन के साथ करीब एक हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह दुकान संचालक मो. तनवीर आलम दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना का पता चला। बलालाडीह निवासी तनवीर आलम ने बताया कि वह शुक्रवार शाम करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे दुकान पहुंचने पर पीछे की दीवार में सेंध बनी देखकर उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद दुकान के अंदर सामान की जांच की गई तो कई मोबाइल फोन गायब मिले। दुकानदार ने तत्काल बलियापुर पुलिस को घटना की सूचना दी।

यह भी पढ़ें : बिहार में जिस महिला की हत्या के आरोप में पति-ससुर ने काटी जेल, 12 साल बाद झारखंड में मिली जिंदा

कोको, सैमसंग और रियलमी के 20 मोबाइल चोरी

दुकानदार के मुताबिक, चोर कोको, सैमसंग और रियलमी कंपनी के कुल 20 एंड्राइड मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इसके अलावा दुकान के ड्रॉअर में रखे करीब एक हजार रुपये नकद भी चोरों ने निकाल लिए। चोर पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और चोरी करने के बाद उसी रास्ते से बाहर निकल गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाके की भी जांच की और दुकानदार से घटना की पूरी जानकारी ली।

चोरी के तरीके और संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने यह भी जांच की कि चोर दुकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात के बाद किस रास्ते से बाहर निकले। आसपास की गतिविधियों और संभावित संदिग्धों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस चोरी के तरीके, घटना में शामिल लोगों और चोरी किए गए मोबाइल फोन के संबंध में सुराग तलाश रही है। आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है।

दुकानदारों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की

पर्व-त्योहार के बीच बाजार की मोबाइल दुकान में हुई चोरी से स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि रात के समय बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है।

संबंधित खबरें