- जांच में गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई के साथ अस्पताल सील करने की चेतावनी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के ट्यूलिप हॉस्पिटल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ कथित मारपीट के मामले को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को जांच कमेटी गठित करने और दो दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
अनियमितता मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जांच में यदि किसी तरह की अनियमितता, मनमानी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माने के साथ अस्पताल को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि किसी भी निजी अस्पताल को मरीजों और उनके परिजनों के साथ मनमानी करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल किसी बड़े कारोबारी, पूंजीपति या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा हो, फिर भी कोई कानून से ऊपर नहीं है।
यह भी पढ़ें : गोड्डा में बाइक सवार युवक की मौत, बहनोई गंभीर रूप से घायल
बाउंसरों के जरिए मारपीट पर भी जताई नाराजगी
मंत्री ने अस्पतालों में तैनात बाउंसरों के जरिए मरीजों या उनके परिजनों के साथ मारपीट को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल इलाज और लोगों की जान बचाने की जगह है। वहां मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए, न कि डर और दहशत का माहौल। उन्होंने कहा कि जनता उनके लिए सबसे ऊपर है और जनता के साथ अन्याय होने पर वह चुप नहीं बैठेंगे। अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि ट्यूलिप हॉस्पिटल मामले में क्या अनियमितताएं सामने आती हैं और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।