Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : मेहरमा थाना क्षेत्र के डोय के पास देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चंदन कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके बहनोई शिवदयाल (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घायल शिवदयाल का इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसआई सहदेव प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से हादसे की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल शिवदयाल को मेहरमा सरकारी अस्पताल पहुंचाया। मेहरमा सरकारी अस्पताल में डॉक्टर सुशांत ने शिवदयाल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज वहीं चल रहा है।
यह भी पढ़ें : जामताड़ा में पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य, बाधा डालने पर होगी कानूनी कार्रवाई
दोनों साले-बहनोई, सुबह बाइक से निकले थे
मृतक की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी रामाशीष राम के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल शिवदयाल भागलपुर जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी धनी राम के पुत्र हैं। मृतक के ससुर धनी राम ने बताया कि चंदन और शिवदयाल साले-बहनोई थे। दोनों शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से घर से निकले थे। शाम को परिजनों को सड़क हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे।
डोय के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान डोय के पास बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, दोनों के शराब के नशे में होने की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए हादसे की इस वजह की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
हादसे के कारणों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल से मिली जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post