Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने पहुंचे भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया है। पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग वाहनों से खेलगांव स्टेडियम लेकर पहुंची, जहां उन्हें पुलिस निगरानी में रखा गया है। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन भाजपा नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आवास का घेराव कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी थे मौजूद
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन में भाजपा के कई विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। छात्रों के आंदोलन और सरकार के साथ वार्ता को लेकर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच भाजपा ने अपना विरोध प्रदर्शन तेज किया था। हिरासत में लिए गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस खेलगांव स्टेडियम लेकर गई है। फिलहाल सभी लोग वहीं मौजूद हैं और पुलिस की निगरानी में रखे गए हैं। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

यह भी पढ़ें : JPSC घोटाला: ED की एंट्री से जांच में आ सकता है बड़ा मोड़, पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते पर बढ़ी नजर
विधानसभा कार्यवाही पर नजर
राजनीतिक हलकों में अब इस बात को लेकर चर्चा है कि क्या विधानसभा की कार्यवाही भाजपा विधायकों की अनुपस्थिति में आगे बढ़ेगी या फिर हिरासत में लिए गए नेताओं को कुछ समय बाद रिहा किया जाएगा। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राजधानी रांची में विधानसभा सत्र, छात्र आंदोलन और भाजपा के विरोध प्रदर्शन के कारण राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

