श्रावण मास 2026: CM हेमंत सोरेन ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत, बोले- सुरक्षित और सुव्यवस्थित श्रावणी मेला कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

Meenu | July 30, 2026 | 12:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : पवित्र श्रावण मास 2026 की शुरुआत के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों के साथ देश-विदेश से बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं और कांवरियों का झारखंड की धरती पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी भक्तों की सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रावणी मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर संदेश साझा करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी श्रद्धालुओं की श्रद्धा, आस्था और तपस्या सफल हो तथा यह पावन श्रावण मास सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल लेकर आए। उन्होंने भगवान शिव से सभी भक्तों के उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की भी कामना की।

यह भी पढ़ें : विदेश में पढ़ाई का झांसा देकर 25.22 लाख की साइबर ठगी, रांची की युवती ने दर्ज कराई FIR

श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि लाखों भक्त बिना किसी परेशानी के जलार्पण कर सकें।

प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील

सीएम हेमंत सोरेन ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का पालन करने से यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनेगी। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “बोल बम”, “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ किया।

28 अगस्त तक चलेगा श्रावण मास

इस वर्ष 30 जुलाई से शुरू हुआ श्रावण मास 28 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने मेले को लेकर सुरक्षा, स्वास्थ्य, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं को पहले से ही सुदृढ़ किया है।

Share this news

संबंधित खबरें