जामताड़ा में बंद पड़े कॉलेज परिसर से मजदूर का शव बरामद, मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

Rupa Kumari | June 16, 2026 | 11:30 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया स्थित एक बंद पड़े टीचर ट्रेनिंग कॉलेज परिसर से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव पुरानी इमारत के भीतर मिला, जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रमा बाउरी उर्फ धोना बाउरी के रूप में हुई है। वह पेशे से दिहाड़ी मजदूर था और पिछले कुछ दिनों से लापता बताया जा रहा था।

दुर्गंध आने पर हुई शव की जानकारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, रमा बाउरी शनिवार से घर नहीं लौटा था। परिजन अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार शाम बंद पड़े कॉलेज परिसर की पुरानी इमारत की ओर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। जब कुछ ग्रामीण अंदर पहुंचे तो वहां एक शव पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

यह भी पढ़ें: पलामू में आठ दिन से लापता महिला का शव कब्रिस्तान से बरामद, हत्या की आशंका

परिजनों ने जताई संदेह की आशंका

मृतक के परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मौत की परिस्थितियों की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावित कारण या आपराधिक पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें