जामताड़ा में 14 साल की बेटियों को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का मुफ्त टीका

Rupa Kumari | April 24, 2026 | 05:06 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी HPV टीकाकरण अभियान के तहत अब 14 वर्ष की लड़कियों को मुफ्त वैक्सीन दी जा रही है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को शुरू किए गए राष्ट्रीय HPV टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके तहत किशोरियों को ‘क्वाड्रिवैलेंट HPV वैक्सीन’ की सिंगल डोज दी जा रही है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम किया जा सके।

स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण

जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। स्वास्थ्य टीमों द्वारा विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्राओं का टीकाकरण किया जा रहा है। वहीं जो किशोरियां स्कूल नहीं जातीं, उनके लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। अभिभावकों को टीके की उपयोगिता और प्रभाव के बारे में जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण के दायरे में लाना प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें:BREAKING: राघव चड्ढा ने ‘आप’ से दिया इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने का ऐलान

क्यों जरूरी है HPV टीका

मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर में से एक है। कम उम्र में HPV वैक्सीन लगने से भविष्य में इस बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों को टीका लगवाने के लिए आगे आएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें