हॉकी एशिया कप 2025: झारखंड की बेटियों का दबदबा बरकरार, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी

Rupa Kumari | August 22, 2025 | 11:48 AM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : हॉकी इंडिया ने गुरुवार को आगामी महिला एशिया कप 2025 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 5 से 14 सितंबर 2025 तक चीन के हांगझोउ में खेला जाएगा।

इस बार भी टीम में झारखंड का शानदार योगदान देखने को मिला है, जिसमें कुल चार खिलाड़ी शामिल हैं।

झारखंड से ये खिलाड़ी टीम में शामिल

  • सलीमा टेटे (कप्तान) – सिमडेगा
  • संगीता कुमारी – सिमडेगा
  • ब्यूटी डुंगडुंग – सिमडेगा
  • निक्की प्रधान – खूंटी

कप्तानी सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जो मिडफील्डर हैं और सिमडेगा जिले की प्रतिनिधि हैं। संगीता और ब्यूटी डुंगडुंग भी सिमडेगा से हैं, जबकि निक्की प्रधान खूंटी जिले की खिलाड़ी हैं। चार झारखंड की खिलाड़ियों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि यह राज्य भारतीय महिला हॉकी का एक मजबूत केंद्र बन चुका है।

यह भी पढ़ें : रांची में बनेगा झारखंड का सबसे बड़ा मॉल और इंटर स्टेट बस टर्मिनल

वापसी और अनुभव

इस बार टीम में निक्की प्रधान और संगीता कुमारी की वापसी खास रही है। चोट और टीम संयोजन के कारण ये दोनों खिलाड़ी करीब छह महीने बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी में लौट रही हैं। चयनकर्ताओं ने उनके अनुभव और फिटनेस को देखते हुए पुनः टीम में शामिल किया है।

टूर्नामेंट की अहमियत

महिला एशिया कप 2025 भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि विजेता टीम सीधे 2026 FIH महिला हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी। ऐसे में कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय टीम से जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

पूल-बी में भारत के मैच

  • 5 सितंबर: भारत बनाम थाईलैंड
  • 6 सितंबर: भारत बनाम जापान
  • 8 सितंबर: भारत बनाम सिंगापुर

अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है, तो उसका सामना पूल-ए की किसी टीम से होगा, जिसमें चीन, कोरिया, मलेशिया और कजाकिस्तान शामिल हैं।

Share this news

संबंधित खबरें