जेटेट को लेकर सुदेश महतो सख्त, CM हेमंत सोरेन को लिखा पत्र; जल्द परीक्षा कराने की मांग

Rupa Kumari | April 18, 2026 | 12:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: सुदेश महतो ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर जल्द परीक्षा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से स्पष्ट नीति और नियम नहीं बनाए जाने के कारण नियुक्ति प्रक्रिया अटकी हुई है और इसका खामियाजा अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

नीति नहीं, इसलिए अटकी नियुक्तियां

सुदेश महतो ने कहा कि जेटेट आयोजित हुए बिना शिक्षक बहाली आगे नहीं बढ़ सकती। ऐसे में लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से पारदर्शी नीति बनाकर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। अपने पत्र में उन्होंने याद दिलाया कि झारखंड उच्च न्यायालय ने 31 मार्च 2026 तक जेटेट कराने का निर्देश दिया था, लेकिन तय समयसीमा में परीक्षा नहीं हो सकी। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे युवाओं का भरोसा कमजोर हो रहा है।

यह भी पढ़ें:झारखंड में SIR पर फिलहाल रोक, पहले होगी डिजिटल जनगणना; बाद में अपडेट होगी वोटर लिस्ट

10 साल से नहीं हुई जेटेट

महतो ने कहा कि वर्ष 2016 के बाद से अब तक जेटेट आयोजित नहीं हुई है। करीब एक दशक से परीक्षा नहीं होने के कारण बीएड और डीएलएड किए लाखों युवा शिक्षक बनने के इंतजार में हैं, लेकिन उन्हें आवेदन का मौका नहीं मिल पा रहा।

उम्र सीमा पार होने का खतरा

उन्होंने कहा कि लगातार देरी से कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा खत्म हो रही है। इससे रोजगार का संकट गहरा रहा है और युवाओं में मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है। सुदेश महतो ने मुख्यमंत्री से अपील की कि जल्द स्पष्ट नियमावली तैयार कर जेटेट परीक्षा कराई जाए। साथ ही लंबित नियुक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं को तय समयसीमा में पारदर्शी तरीके से पूरा करने की मांग की।

Share this news

संबंधित खबरें