Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :बिरसानगर थाना क्षेत्र के आस्था ट्वीन सिटी में शनिवार रात अपराधियों ने बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मी नंदलाल ओझा की पत्नी विभा देवी की सोने की चेन छीन ली और तेजी से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, नंदलाल ओझा और उनकी पत्नी रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। जैसे ही विभा देवी टेंपो से उतरकर फ्लैट के पास खड़ी हुईं और किराया देने लगे, एक बदमाश अचानक आया और झपट्टा मारकर चेन छीन ली। उसका साथी बाइक पर पहले से तैयार खड़ा था। दोनों बदमाश मोहरदा की ओर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक छीनी गई चेन की कीमत करीब सवा दो लाख रुपये है। घटना के तुरंत बाद 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें :गोड्डा में बहू की शिकायत पर ससुर गिरफ्तार, घर से दो देसी कट्टा बरामद
कॉलोनी में हड़कंप
वारदात के बाद कॉलोनी में आक्रोश फैल गया। रविवार को आस्था ट्वीन सिटी के कई निवासी बिरसानगर थाना पहुंचे और अपराधियों की जल्दी गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान के प्रयास जारी हैं और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post