Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ :झारखंड के पाकुड़ जिले के गोसाईपुर गांव में ग्रामीणों और गांव के प्रधान के बीच विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रधान पाउल हेंम्ब्रम पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को लिखित शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान गांव की जमीन को अवैध तरीके से बेच रहे हैं और जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि न तो गांव की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और न ही विकास कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।
मूल निवासी नहीं होने का दावा
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पाउल हेंम्ब्रम गांव के मूल रैयत (स्थायी निवासी) नहीं हैं, फिर भी वे प्रधान पद पर बने हुए हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि उन्होंने प्रधानी का पट्टा भी अवैध तरीके से हासिल किया है। मामले को और गंभीर बनाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान ने संथाल समाज के आस्था स्थल ‘जाहिर थान’ को नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि वहां स्थित साल के पेड़ को कटवाया गया, जो धार्मिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण था।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में ‘सहजन डाली लगाओ’ अभियान की शुरुआत, 90 हजार परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य
जांच के लिए पहुंची टीम
शिकायत मिलने के बाद अंचल निरीक्षक (सीआई) टीम के साथ गांव पहुंचे और दोनों पक्षों की बातें सुनीं। उन्होंने कहा कि मामले में एकतरफा फैसला नहीं लिया जाएगा और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
गांव में तनाव का माहौल
इस विवाद के चलते गांव में तनाव बना हुआ है। बड़ी संख्या में आदिवासी महिला और पुरुष मौके पर मौजूद रहे और अपनी शिकायतें रखीं। ग्रामीणों को अब प्रशासन से निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।