Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : विष्णुगढ़ कांड को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। अंबा प्रसाद ने राजभवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की CBI जांच पीड़ित परिवार को मुआवजा और पुनर्वास राज्य महिला आयोग को सक्रिय करने की मांग की।
पुलिस पर गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 42/2026 में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आम लोगों का भरोसा पुलिस पर कम हो रहा है। अंबा प्रसाद के अनुसार, हजारीबाग पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी यह पुलिस प्रशासन की गंभीर नाकामी को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार 80% ही खर्च कर पाई बजट, 29 हजार करोड़ रुपये लौटाने पड़े
“निर्भया कांड से भी भयावह” बताया
अंबा प्रसाद ने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि यह निर्भया कांड से भी ज्यादा भयावह है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि या तो मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है या सच्चाई दबाने की कोशिश हो रही है। ज्ञापन में उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, हजारीबाग एसपी के तबादले और विभागीय कार्रवाई, संबंधित डीएसपी और थाना प्रभारी के निलंबन की मांग की है।
राज्यपाल ने दिया आश्वासन
राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह मामला अब झारखंड में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
