हजारीबाग में पोस्टमार्टम में देरी पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सड़क पर किया धरना, अस्पताल प्रबंधन पर उठाए गंभीर सवाल

Rupa Kumari | March 28, 2026 | 04:40 PM IST
  • रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हत्या के बाद पोस्टमार्टम में हुई देरी पर विधायक ने जताई नाराजगी, प्रशासन से सुधार की मांग

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शनिवार को बड़ा हंगामा हुआ। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद अपने समर्थकों और मृतक के परिजनों के साथ अस्पताल गेट पर धरने पर बैठ गए। सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हुए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। बीती रात गोदखर गांव निवासी राम कुमार साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। शव को देर रात पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।

घंटों डॉक्टर के इंतजार में परिजन

परिजनों का आरोप था कि सुबह 9 बजे डॉक्टर आने थे, लेकिन दो घंटे तक कोई चिकित्सक नहीं पहुंचे। नाराज विधायक ने तुरंत सड़क पर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि कई अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद पोस्टमार्टम समय पर नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें: रामनवमी पर रांची में आस्था का सैलाब, पश्चिम मुखी हनुमान मंदिर में अखाड़ों का भव्य स्वागत

पैसे मांगने और व्यवस्था पर आरोप

धरने के दौरान विधायक ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम करने के बदले मृतक के परिजनों से पैसे मांगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में व्यवस्था पूरी तरह से खराब है और गरीबों को हर कदम पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुकूलन पूर्ति मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर की देरी की जांच की जाएगी और आरोपितों पर कार्रवाई होगी। पैसे मांगने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी।

धरना खत्म, पोस्टमार्टम शुरू

अधीक्षक के आश्वासन के बाद विधायक ने धरना समाप्त किया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कराई गई। घटना के बाद गोदखर गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।

Share this news

संबंधित खबरें