Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में जांच तेज करते हुए देहरादून पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने इस मामले में जमशेदपुर के छह आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वारंट जारी होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि इन सभी आरोपियों पर पहले से ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। हत्या के करीब 26 दिन बाद भी मुख्य शूटर और साजिशकर्ता पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
इन आरोपियों के खिलाफ जारी हुआ वारंट
अदालत की ओर से जिन आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी किया गया है, उनमें अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज सिंह (सभी बागबेड़ा थाना क्षेत्र निवासी), जितेंद्र कुमार साहू (ओलीडीह, मानगो निवासी) शामिल हैं। वारंट के बाद देहरादून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।
यह भी पढ़ें: रेलवे फाटक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
जमशेदपुर में लगातार छापेमारी
सूत्रों के अनुसार पुलिस और एसटीएफ की टीम जमशेदपुर के बागबेड़ा, जुगसलाई और मानगो इलाके में कई बार दबिश दे चुकी है। हालांकि अब तक मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही शूटरों और साजिशकर्ताओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी।
अब तक दो मददगार गिरफ्तार
इस हत्याकांड में पुलिस दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें राजकुमार सिंह (गाराबासा, बागबेड़ा), मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर (ग्रेटर नोएडा) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इन दोनों पर हत्या में आरोपियों की मदद करने का आरोप है।
13 फरवरी को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर मॉल के पास गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच के दौरान जमशेदपुर कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस की टीमें झारखंड में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
परसुडीह में चापड़ से हमला, 11 लोगों पर केस
इधर जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में भी एक जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सेंट्रल बैंक के पास मोतीलाल यादव पर चापड़ से हमला करने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में इशु पोद्दार, करण लोहार, जोगाई पोद्दार, सोनू पोद्दार, मिथुन पोद्दार, देवराम, कृणाल दास, अविनाश गोप, विनोद यादव, गणेश पोद्दार और कृष वर्मा शामिल हैं। बताया गया कि 21 फरवरी की शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने मोतीलाल यादव के साथ मारपीट की और चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बाद में सिटी एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।