Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : 23 फरवरी को होने वाले शहरी निकाय चुनाव को लेकर पलामू रेंज में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेंज के डीआईजी किशोर कौशल खुद पूरे इंतजामों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इस बार पलामू जिले के पांच शहरी इलाकों में मतदान होगा, जिनमें सबसे बड़ा क्षेत्र मेदिनीनगर नगर निगम है। इसके अलावा गढ़वा में तीन और लातेहार में एक नगर क्षेत्र में वोटिंग होनी है।
पलामू में 246 बूथ, संवेदनशीलता के आधार पर तैनाती
अकेले पलामू जिले में 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों को संवेदनशील, अति संवेदनशील और सामान्य श्रेणी में बांटकर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद रहेगा।
यह भी पढ़ें : 4 साल से लापता 5 साल की खुशी का सुराग नहीं, परिवार ने CBI अधिकारी पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
पेट्रोलिंग और QRT रहेगी सक्रिय
डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि स्थायी बल के साथ-साथ लगातार पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि भले ही यह शहरी निकाय चुनाव है, लेकिन क्षेत्र पहले नक्सल प्रभावित रहा है, इसलिए सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
वज्रगृह और मतगणना केंद्रों पर सख्त पहरा
वज्रगृह और मतगणना केंद्रों पर भी सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अवैध हथियार, शराब और चुनाव को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाताओं से अपील
पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय के मतदान करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का दावा है कि चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की व्यापक तैयारी कर ली गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।