Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जिले के मेंझिया पंचायत अंतर्गत बिरगांव में निर्माणाधीन वीरबिंदिया पुल पर काम के दौरान एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए। घायल मजदूर मोहम्मद तारिकूल का इलाज जामताड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर काम छोड़कर लौट गए।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में बेकाबू घोड़े ने एक वर्षीय बच्ची को कुचला, मौके पर मौत; दूसरी गंभीर
सुरक्षा उपकरणों की कमी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर ऊंचाई पर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे। इसी दौरान प्लेट खिसकने से मोहम्मद तारिकूल नीचे गिर पड़े। उनके साथ काम कर रहे एक सहकर्मी ने आरोप लगाया कि मजदूरों को हेलमेट या सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराए गए थे और बिना सुरक्षा किट के काम कराया जा रहा था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
263 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है यह पुल
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में बढ़ाकर नदी पर इस पुल का शिलान्यास किया गया था। करीब 263 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल राज्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इससे पहले बिरबंदिया क्षेत्र में नाव हादसे में कई लोगों की मौत के बाद यहां पुल निर्माण की मांग तेज हुई थी। घायल मजदूर बिहार के कटिहार जिले का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ताजा घटना के बाद साइट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, घायल मजदूर का इलाज जारी है और घटना के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा का विषय बनी हुई है।
Reporter | Samachar Post