पीएम आवास योजना की किस्त के बदले रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

Rupa Kumari | December 24, 2025 | 02:24 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुक से रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की ट्रैप टीम ने हुवाग पंचायत के पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह को ₹2500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

लाभुक को नहीं मिल रही थी आवास योजना की किस्त

ग्राम हुवाग निवासी मो. अलीजान अंसारी ने ACB हजारीबाग कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन अन्य लाभुकों को पहली किस्त मिल जाने के बावजूद उनसे रिश्वत मांगे जाने के कारण अब तक कोई भुगतान नहीं हुआ था।

यह भी पढ़ें: नए साल में रेलवे का झटका: 18 मेमू ट्रेनें रद्द, प्रीमियम ट्रेनें भी लेट

₹10 हजार की मांग, बाद में ₹2500 पर बनी सहमति

आवेदक के अनुसार, पंचायत सचिव प्रभु नारायण सिंह ने पहली किस्त जारी करने के बदले ₹10,000 रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान ₹5000 की मांग सामने आई और अंततः ₹2500 दो किस्तों में देने पर सहमति बनी।

शिकायत सही पाई गई, ट्रैप में हुआ खुलासा

शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का विधिवत सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर ACB हजारीबाग थाना में कांड संख्या 14/2025, दिनांक 22 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया।

ACB की ट्रैप टीम ने की गिरफ्तारी

मंगलवार को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में गठित ACB की ट्रैप टीम ने पंचायत सचिव को पहली किस्त के रूप में ₹2500 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें