Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :जिले से एक बेहद संवेदनशील और दुखद मामला सामने आया है, जहां न्याय न मिलने की पीड़ा से आहत एक युवक ने कथित तौर पर ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहर का प्रमुख मार्ग जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें :खूंटी में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्तों के साथ अलाव पर था रोहित
पुराने हत्या मामले से जुड़ा है मामला
परिजनों का आरोप है कि 7 जुलाई 2023 को उनके छोटे बेटे की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था, लेकिन करीब ढाई साल बीत जाने के बावजूद अब तक 10 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।परिवार का कहना है कि लगातार न्याय न मिलने और मानसिक दबाव के चलते आज सुबह मंझले बेटे ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन, यातायात ठप
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हजारीबाग छठ तालाब से शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग और झंडा चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर नहीं पहुंचते और ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों का आक्रोश कम होता नहीं दिख रहा है।
Reporter | Samachar Post