Samachar Post डेस्क, रांची :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान दौरे के दूसरे दिन भारत–ओमान संबंधों को नई ऊंचाई देने का संदेश दिया। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर हस्ताक्षर होने की संभावना जताई जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता 21वीं सदी में भारत–ओमान साझेदारी में नया भरोसा और उत्साह लेकर आएगा।
यह भी पढ़ें :माफी मांगो वरना…पाकिस्तान से नीतीश कुमार को धमकी, हिजाब विवाद अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ पर
भारतीय समुदाय को संबोधन
ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हम सभी एक परिवार की तरह एकत्र हुए हैं। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में हर दिन नया रंग और हर मौसम नया उत्सव लेकर आता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां की संस्कृति और नियमों का सम्मान करते हैं और ओमान में भी भारतीय समुदाय स्थानीय संस्कृति के साथ पूरी तरह घुल-मिल गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली का जिक्र करते हुए कहा कि यूनेस्को ने दिवाली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि अब दिवाली का दीया सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को रोशन करेगा, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
भारत-ओमान मैत्री पर्व और उसका अर्थ
प्रधानमंत्री ने भारत–ओमान संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों देश आज ‘भारत–ओमान मैत्री पर्व’ मना रहे हैं। यह पर्व दोनों देशों की दोस्ती, साझा संस्कृति और समृद्ध भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने M-A-I-T-R-I का अर्थ भी समझाया M – Maritime Heritage (समुद्री विरासत), A – Aspiration (आकांक्षा), I – Innovation (नवाचार), T – Trust and Technology (विश्वास और तकनीक), R – Respect (सम्मान), I – Inclusive Growth (समावेशी विकास) प्रधानमंत्री ने कहा कि यही मूल्य भारत और ओमान के रिश्तों को मजबूती प्रदान करते हैं और भविष्य की साझेदारी की दिशा तय करते हैं।
Reporter | Samachar Post