Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र स्थित जायदा मंदिर के पास नदी में नहाने गया एक युवक लापता हो गया। घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है। आशंका जताई जा रही है कि युवक नदी में डूब गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने सर्च अभियान शुरू किया।
दोस्तों के साथ गया था नदी किनारे
लापता युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी आदर्शनगर निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल और रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद अंधेरा होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें: बड़कागांव में कोयला परियोजना पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी; धमकी से फैली दहशत
सुबह फिर शुरू हुई तलाश, NDRF को बुलाया गया
मंगलवार सुबह एक बार फिर स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया। चांडिल के अंचल निरीक्षक (सीआई) रवि कुमार सिंह ने बताया कि नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण खोज में कठिनाई आ रही है। स्थिति को देखते हुए चांडिल डैम के सभी फाटकों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए NDRF टीम को भी बुलाया गया है, जो जल्द मौके पर पहुंच सकती है। प्रशासन लगातार युवक की तलाश में जुटा हुआ है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं पूरे इलाके में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग राहत-बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।