भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, संस्कृति और विरासत संरक्षण का लिया संकल्प

Rupa Kumari | June 9, 2026 | 03:55 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा झारखंड की संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समाधि स्थल के भूमि दानकर्ता परिवार के सदस्य एवं कांग्रेस नेता आदित्य विक्रम जायसवाल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजीव रंजन प्रसाद सहित कई लोग मौजूद रहे।

झारखंड की संस्कृति बचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब झारखंड की परंपरा, संस्कृति और विरासत को संरक्षित रखने के लिए सभी लोग मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि समाधि स्थल के विस्तार और विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही परिसर के रख-रखाव, साफ-सफाई और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजागरण की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शोषण, अन्याय और दमन के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। नेताओं ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने तथा भ्रष्टाचार और सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया। उनका कहना था कि झारखंड की मूल पहचान और सांस्कृतिक विरासत को बचाए रखना ही धरती आबा के आदर्शों का सम्मान है।

महान क्रांतिकारी और जननायक थे बिरसा मुंडा

वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की लड़ाई के प्रतीक थे। उन्होंने उलगुलान आंदोलन के माध्यम से आदिवासी समाज को संगठित कर अन्याय के खिलाफ संघर्ष का मार्ग दिखाया। इस अवसर पर उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए पूर्वजों को भी नमन किया गया, जिन्होंने समाधि स्थल के निर्माण के लिए भूमि दान की थी।

यह भी पढ़ें: परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर उठा विवाद, नाम में कथित त्रुटि को लेकर मचा राजनीतिक हलचल

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंजूर अंसारी, कृष्णा सहाय, अनिल सिंह, गौरव विशाल, आसिफ ज़ियाउल, मेहुल दूबे समेत कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समाधि स्थल के विकास को लेकर सामूहिक प्रयास जारी रखने की बात कही गई।

Share this news

संबंधित खबरें