Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा: दुमका मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बिजली ऑफिस स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर ने स्कूटी सवार तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी।
वीडियो शूट करने जा रहे थे तीनों दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, तिलाबाद गांव निवासी रोनित राय अपने दोस्तों विक्की राय और आयुष कुमार के साथ स्कूटी से पर्वत विहार की ओर वीडियो शूट करने जा रहा था। इसी दौरान बिजली ऑफिस के पास स्थित पेट्रोल पंप में तेल भरवाने के लिए वे मुड़े। तभी एक तेज रफ्तार डंपर बिना इंडिकेटर दिए गलत दिशा से पेट्रोल पंप में घुसने लगा और स्कूटी उसकी चपेट में आ गई। घायल युवकों ने बताया कि डंपर चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। अचानक सामने आए डंपर से बचने का मौका तक नहीं मिला।
डंपर के पहिए के नीचे आया रोनित
हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी चला रहा रोनित सीधे डंपर के बीच वाले चक्के के नीचे आ गया। डंपर का पहिया उसके सिर को कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके दोनों दोस्त डंपर से टकराकर सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोनित को मृत घोषित कर दिया। घायल युवकों का इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें: बाबूलाल पर FIR कराएं इरफान, तभी खुलेगी एंबुलेंस घोटाले की फाइल : भाजपा
सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन
घटना से नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों ने जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम राजा, बीडीओ और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की और परिजनों से वार्ता शुरू की।
पति के बाद इकलौते बेटे की मौत से टूटी मां
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह छीन लीं। मृतक रोनित राय की मां कल्पना राय जामताड़ा थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले ही उनके पति की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत ने मां को पूरी तरह तोड़ दिया है। घटना के बाद पूरे तिलाबाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार और गांव के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।