Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड होमगार्ड विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। रांची के धुर्वा निवासी होमगार्ड जवान राजीव कुमार तिवारी ने लातेहार के तत्कालीन कंपनी कमांडर और वर्तमान होमगार्ड निरीक्षक प्रकाश रंजन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जवान ने मुख्यमंत्री सचिवालय और होमगार्ड मुख्यालय को पत्र लिखकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी कमांडर ने ड्यूटी के बदले रिश्वत मांगी और पैसे नहीं देने पर अपमानजनक व्यवहार किया। राजीव कुमार तिवारी का यह भी आरोप है कि मामले की जांच लंबित रहने के बावजूद संबंधित अधिकारी को प्रोन्नति दे दी गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड में क्लस्टर कॉलेज सिस्टम में होगा संशोधन, अगली कैबिनेट में आ सकता है नया प्रस्ताव
“किडनी बेचकर पैसा लाओ” कहने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि लातेहार में पदस्थापना के दौरान कंपनी कमांडर प्रकाश रंजन ने कई जवानों के साथ मनमानी की। जवानों का आरोप है कि उनसे ड्यूटी लगाने के एवज में पैसे मांगे जाते थे। आरोप है कि जब कुछ जवानों ने पैसे देने से इनकार किया, तो उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इसी दौरान कंपनी कमांडर ने कथित तौर पर कहा, “किडनी बेचकर पैसा लाओ।” इस बयान के सामने आने के बाद विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है।
ड्यूटी वितरण में अनियमितता का आरोप
राजीव कुमार तिवारी समेत अन्य जवानों ने आरोप लगाया है कि कंपनी कमांडर ने ड्यूटी वितरण के नियमों की अनदेखी करते हुए व्यापक स्तर पर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं कीं। लिखित शिकायत में कहा गया है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए प्रकाश रंजन ने राजीव कुमार तिवारी और होमगार्ड जवान कुमुद रंजन चौबे के खिलाफ कथित रूप से मनगढ़ंत मामलों में प्राथमिकी दर्ज करा दी।
जवानों ने बताया मानसिक और आर्थिक नुकसान
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दर्ज प्राथमिकी की वजह से उन्हें मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। जवानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले को लेकर विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Reporter | Samachar Post