Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा में पुलिस विभाग की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। गढ़वा पुलिस में कार्यरत जवान सुमेर चौधरी इन दिनों अपने सराहनीय कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। दिन में कोर्ट ड्यूटी निभाने के बाद भी वह शाम को सड़क पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते हैं और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में लोगों की जान बचाना है।
हादसों ने किया झकझोर, खुद शुरू किया अभियान
गढ़वा जिले के लगमा पेट्रोल पंप के पास NH-39 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से होने वाली मौतों ने सुमेर चौधरी को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि बीते एक महीने में इस इलाके में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद उन्होंने खुद पहल करते हुए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया। सुमेर चौधरी कोर्ट की मॉर्निंग शिफ्ट ड्यूटी पूरी करने के बाद रोज शाम 4 बजे से 6 बजे तक हाईवे पर खड़े होकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह देते हैं। वह वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने और सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘नौतपा’ में तपेगा बिहार, IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट; कई जिलों में 45°C तक पहुंच सकता है तापमान
“एक जान भी बची तो प्रयास सफल”
सुमेर चौधरी का कहना है कि यदि उनके प्रयास से एक भी व्यक्ति की जान बचती है, तो यही उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य होगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद पुलिस या एंबुलेंस को पहुंचने में समय लग सकता है, लेकिन अगर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद करें तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
स्थानीय लोग कर रहे समर्थन
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान का स्थानीय लोग भी समर्थन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उनकी पहल से अब धीरे-धीरे लोग यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो रहे हैं। सुमेर चौधरी की यह पहल इस बात का उदाहरण बन रही है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा से भी जुड़ी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।