Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में हुए फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य नेपाली को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर OSAM डेयरी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई फायरिंग घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम करता था और इलाके में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में उसकी भूमिका सामने आई है।
यह भी पढ़ें :मॉनिटर लिजार्ड तस्करी मामले में भाजपा नेता राजीव रंजन मिश्रा को जमानत
OSAM डेयरी पर हुई थी फायरिंग
कुछ दिन पहले OSAM डेयरी के पतरातू स्थित प्लांट पर तड़के सुबह बाइक सवार अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल दुबे गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी और प्लांट संचालकों को धमकी भी दी थी।
अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट भी बना निशाना
OSAM प्लांट के बाद अल्ट्राटेक सीमेंट के पतरातू स्थित प्लांट में भी फायरिंग की घटना हुई थी। गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कोयला, स्क्रैप और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को धमकी दी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
बड़े उद्योगों को निशाना बना रहा था गैंग
फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं के बाद रामगढ़ पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गैंग से जुड़े लोगों की तलाश तेज कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार नेपाली लंबे समय से राहुल दुबे गिरोह के संपर्क में था और पतरातू क्षेत्र में गैंग की गतिविधियों को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग की नजर इलाके के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर थी। इससे पहले भी पुलिस राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि ये लोग किसी बड़े उद्योग को निशाना बनाने की तैयारी में थे। गैंग हर वारदात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट कर जिम्मेदारी ले रहा था और कारोबारियों को खुलेआम धमकी दे रहा था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही गैंग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस पूरे नेटवर्क और गिरोह के संपर्कों को खंगालने में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post