Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : शहर से सटे शहरकोल गांव में एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कान्हु किस्कू के रूप में हुई है, जो सोनाजोड़ी के प्रधान टोला का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह 5 अप्रैल को शहरकोल में आयोजित फुटबॉल फाइनल देखने आया था।
असुरक्षित खदान में गिरने की आशंका
परिजनों के मुताबिक 6 अप्रैल को वह पास की एक पत्थर खदान के करीब गया था, जहां गहरे पानी से भरी असुरक्षित खदान में गिरने की आशंका है। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन खदान की गहराई और पानी भरे होने के कारण युवक का कोई पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें: मैक्लुस्कीगंज फायरिंग: TSPC ने ली जिम्मेदारी, ठेकेदारों और ट्रांसपोर्टरों को दी धमकी
चार दिन बाद ऊपर तैरता मिला शव
लगातार खोजबीन के बीच शुक्रवार को युवक का शव पानी के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खदान से बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सोनाजोड़ी भेज दिया है। युवक अपने पीछे परिवार और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने असुरक्षित खदानों पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।