Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने राहत देते हुए धनबाद रेल मंडल के रास्ते दो जोड़ी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों के शुरू होने से झारखंड के धनबाद और जामताड़ा के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनीष सौरभ ने बताया कि खातीपुरा–हावड़ा और सोगरिया–धनबाद के बीच निर्धारित तिथियों में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे गर्मियों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
खातीपुरा–हावड़ा स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 09709 खातीपुरा–हावड़ा स्पेशल प्रत्येक मंगलवार 7 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन खातीपुरा से सुबह 09:30 बजे रवाना होकर अगले दिन 09:45 बजे धनबाद पहुंचेगी और 15:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09710 हावड़ा–खातीपुरा स्पेशल प्रत्येक बुधवार 8 अप्रैल 2026 से 1 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन हावड़ा से रात 23:55 बजे खुलकर सुबह 06:00 बजे धनबाद और 09:00 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर और बर्धमान जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा।
यह भी पढ़ें: डीसी के सख्त निर्देश के बाद रांची में गैस होम डिलीवरी तेज, 8 एजेंसियों ने जारी किए 43 रूट
सोगरिया–धनबाद स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09821 सोगरिया–धनबाद स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 16 अप्रैल 2026 से 9 जुलाई 2026 तक चलेगी। वहीं 09822 धनबाद–सोगरिया स्पेशल प्रत्येक शनिवार 18 अप्रैल 2026 से 11 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छेओकी, सतना, कटनी और सागर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इससे जामताड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
कोलकाता–कानपुर और झांसी–आसनसोल के बीच भी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने कोलकाता–कानपुर सेंट्रल और आसनसोल–वीजीएल झांसी के बीच भी ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। 04157 कानपुर सेंट्रल–कोलकाता स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून 2026 तक हर सोमवार दोपहर 1 बजे कानपुर से चलेगी और अगले दिन सुबह 7:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। 04158 कोलकाता–कानपुर सेंट्रल स्पेशल हर मंगलवार सुबह 10:45 बजे कोलकाता से चलकर अगले दिन 7:10 बजे कानपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर और आसनसोल में होगा।
झांसी–आसनसोल स्पेशल का समय
04185 वीजीएल झांसी–आसनसोल स्पेशल 8 अप्रैल से 28 जून 2026 तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को सुबह 9:20 बजे झांसी से चलेगी और अगले दिन 2:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में 04186 आसनसोल–वीजीएल झांसी स्पेशल 9 अप्रैल से 29 जून 2026 तक प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को शाम 5:10 बजे आसनसोल से चलकर अगले दिन शाम 7:10 बजे झांसी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा। रेलवे ने बताया कि सभी स्पेशल ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों से इन ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।