Samachar Post रिपोर्टर,साहिबगंज :जिले में आदिम पहाड़िया जनजाति समाज के लोगों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों ग्रामीण बिचमाको गांव से निकलकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर डीसी ऑफिस का घेराव किया। ग्रामीण उपायुक्त हेमंत सती से मिलने पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इससे नाराज लोगों ने उनके सरकारी वाहन को घेर लिया और अपनी समस्याएं सुनने की मांग पर अड़ गए।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में आदिम जनजातियों के उत्थान के लिए विशेष सर्वे अभियान, 30 अप्रैल तक चलेगा ड्राइव
सड़क, पानी और बिजली की भारी कमी
स्थिति को संभालने के लिए अपर समाहर्ता गौतम भगत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और समाधान का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पक्की सड़क नहीं है, जिससे बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। इसके अलावा शुद्ध पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी भारी कमी है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
6 महीने में सड़क निर्माण का वादा
अपर समाहर्ता ने आश्वासन दिया कि गांव को प्रधानमंत्री जन-मन योजना से जोड़ा जाएगा और वहां बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले 6 महीनों के भीतर गांव में पक्की सड़क बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
समाधान की उम्मीद में ग्रामीण
प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अब सबकी नजर इस बात पर है कि दिए गए वादे जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से पूरे होते हैं।
Reporter | Samachar Post