Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने रांची, जमशेदपुर समेत कई जिलों में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित प्रधान लिपिक, लेखापाल और कैश ऑर्डली के तबादले का निर्देश दिया है। आईजी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कई जिलों में ये कर्मचारी तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही शाखा या कार्यालय में कार्यरत हैं, जो प्रशासनिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है। आईजी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर रहने से कार्य में लापरवाही की संभावना बढ़ जाती है और पारदर्शिता प्रभावित होती है। ऐसे में प्रशासनिक दक्षता बनाए रखने के लिए स्थानांतरण आवश्यक है। निर्देश दिया गया है कि जिन जिलों में प्रधान लिपिक, लेखापाल या कैश ऑर्डली तीन साल या उससे अधिक समय से पदस्थापित हैं, उनका तत्काल स्थान परिवर्तन किया जाए और अनुपालन रिपोर्ट भेजी जाए।
एक व्यक्ति को दो जिम्मेदारी देने पर आपत्ति
आईजी ने यह भी कहा है कि कुछ जिलों में हेड क्लर्क और अकाउंटेंट दोनों का प्रभार एक ही लिपिक को दिया गया है, जो नियमों के खिलाफ है। इससे काम में त्रुटि और वित्तीय अनियमितता की आशंका बढ़ जाती है। निर्देश में कहा गया है कि जहां एक ही कर्मचारी दोनों जिम्मेदारियां संभाल रहा है, वहां अलग-अलग लिपिकों की तैनाती की जाए और इसकी रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी जाए।
यह भी पढ़ें: SIR को लेकर चुनाव आयोग सख्त, राज्यस्तरीय बैठक में दिए अहम निर्देश
प्रधान लिपिक नहीं हो तो मुख्यालय से मांग
पत्र में यह भी कहा गया है कि जिन जिलों में प्रधान लिपिक उपलब्ध नहीं हैं, वहां नियमानुसार पुलिस मुख्यालय, झारखंड से पत्राचार कर पदस्थापन की मांग की जाए। यह निर्देश रांची और जमशेदपुर के एसएसपी के अलावा गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा के एसपी को भेजा गया है। साथ ही रांची और कोल्हान रेंज डीआईजी को भी अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।