Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के सदर अस्पताल को अपग्रेड करने की तैयारी शुरू हो गई है। मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए यहां 200 बेड का नया सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाया जाएगा। गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को जमीन चिन्हित कर जल्द डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।
कैंसर मरीजों के लिए अलग डे-केयर यूनिट
राज्य में बढ़ते कैंसर मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अहम फैसला लिया है। अब हर जिले के सदर अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए अलग डे-केयर यूनिट बनाई जाएगी। साथ ही रेडिएशन थेरेपी के लिए विशेष बंकर भी तैयार किए जाएंगे, ताकि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर इलाज मिल सके।
यह भी पढ़ें: गिद्धौर थाना प्रभारी समेत दो जवान सस्पेंड, वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई
IPHS मानकों पर होंगे अस्पताल विकसित
बैठक में सभी सदर अस्पतालों को इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड (IPHS) के अनुसार विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत बेड क्षमता बढ़ाई जाएगी और आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। बोकारो, धनबाद, सरायकेला, चाईबासा, गोड्डा और रामगढ़ के प्रोजेक्ट में संशोधन कर फिर से प्रस्तुत करने को कहा गया है, जबकि धनबाद, साहिबगंज, गिरिडीह, दुमका, पाकुड़ और गढ़वा के अस्पतालों के रेनोवेशन प्लान को मंजूरी दी गई है।
नामकुम में बनेगा ट्रेनिंग सेंटर
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए रांची के नामकुम में 500 क्षमता वाला ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाएगा। यहां एंबुलेंस, ट्रॉमा, इमरजेंसी और ICU सेवाओं से जुड़े स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई सुविधाएं शुरू होने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के हर जिले में बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।