Samachar Post रिपोर्टर,रांची :अब महानगरों में मिलने वाली अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा झारखंड में भी उपलब्ध हो रही है। इसी कड़ी में Maa Lalit PolyDoc Hospital की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर मिसाल पेश की है। अस्पताल के डॉक्टरों ने 20 सेंटीमीटर तक बढ़ चुकी तिल्ली (Spleen) को मात्र 2 सेंटीमीटर से भी छोटे छेद के जरिए निकाल दिया। इस प्रक्रिया को Total Laparoscopic Splenectomy कहा जाता है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में महिला ने एक साथ 3 बच्चों को दिया जन्म, नॉर्मल डिलीवरी में 2 बेटे और 1 बेटी
वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था मरीज
कचहरी क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय दिवाकर कुमार लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें बार-बार संक्रमण, बुखार, खून की कमी और प्लेटलेट्स की कमी की समस्या रहती थी। स्थिति इतनी गंभीर थी कि उन्हें बार-बार खून चढ़ाना पड़ता था और जॉन्डिस का स्तर भी खतरनाक रूप से 40 तक पहुंच जाता था। डॉक्टरों के अनुसार मरीज Tropical Massive Splenomegaly (with Hypersplenism) नामक बीमारी से पीड़ित था। इस बीमारी में तिल्ली असामान्य रूप से बढ़ जाती है और शरीर में ब्लड सेल्स तेजी से नष्ट होने लगते हैं, जिससे हीमोग्लोबिन, प्लेटलेट और WBC का स्तर काफी गिर जाता है। मरीज की तिल्ली सामान्य से दोगुनी होकर करीब 20 सेंटीमीटर तक पहुंच गई थी, जिससे पेट भारी रहता था और भूख भी नहीं लगती थी।
डॉक्टरों ने लिया चुनौतीपूर्ण निर्णय
फिजिशियन की सलाह के बाद तिल्ली हटाने का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन की जटिलता को देखते हुए यह एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि इतनी बड़ी तिल्ली को लैप्रोस्कोपिक तकनीक से निकालना आसान नहीं होता। इस सर्जरी को अस्पताल के सर्जन डॉ अजीत कुमार और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
ऑपरेशन सफल, मरीज पूरी तरह स्वस्थ
सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति तेजी से सुधरी। डिस्चार्ज के समय उनके ब्लड सेल्स का स्तर सामान्य हो गया था। ऑपरेशन से पहले जहां प्लेटलेट काउंट 20,000 था, वहीं छुट्टी के समय यह बढ़कर 1 लाख से अधिक हो गया, जो सामान्य स्तर के करीब है।
झारखंड में आधुनिक चिकित्सा की बड़ी उपलब्धि
यह ऑपरेशन न केवल मरीज के लिए नई जिंदगी लेकर आया, बल्कि झारखंड में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब राज्य के मरीजों को जटिल सर्जरी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
Reporter | Samachar Post