Samachar Post डेस्क, रांची: रांची के 21 वर्षीय बीटेक छात्र लक्ष्य मिश्रा की बेंगलुरु के येलाहंका में स्थित हॉस्टल की 9वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। लक्ष्य निजी कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया है, जबकि पिता द्वारा साजिश की आशंका जताने पर हत्या के एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है।लक्ष्य मंगलवार तड़के लगभग 3 बजे हॉस्टल की 9वीं मंजिल से गिर गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
पिता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई
लक्ष्य के पिता अंजनी कुमार मिश्रा ने बेंगलुरु जाकर येलाहंका न्यू टाउन पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी। उन्होंने घटनास्थल और समय को लेकर कई संदेह व्यक्त किए इतनी ऊँचाई से गिरने के बावजूद लक्ष्य का शरीर ज्यादातर सही-सलामत कैसे था। जिस खिड़की से गिरने की बात कही जा रही है, उसकी ग्रिल के बीच जगह इतनी कम थी कि कोई वहां से गुजर ही नहीं सकता। गिरने के बाद खून की मात्रा बेहद कम थी। घटना का समय और परिवार को सूचना मिलने का समय (लगभग एक घंटे का अंतर) संदिग्ध है।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार कल लेंगे राज्यसभा शपथ, आज दिल्ली दौरा, बिहार की राजनीति में हलचल तेज
पिता ने आत्महत्या की थ्योरी खारिज की
अंजनी कुमार मिश्रा ने कहा कि उनके बेटे के आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं था। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर कुछ छिपाने का आरोप लगाया और साजिश की आशंका जताई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हॉस्टल में सीसीटीवी फुटेज, छात्र रूम और आसपास के अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है। यह मामला छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ा रहा है, और बेंगलुरु पुलिस इस मामले में पारदर्शिता के साथ जांच सुनिश्चित कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।