Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातु प्रखंड में पानी की किल्लत अब लोगों के सब्र की सीमा पार कर चुकी है। कोतो पंचायत और न्यू मार्केट के सैकड़ों ग्रामीण खाली बाल्टी, डेगची और बर्तन लेकर सड़कों पर उतर आए और प्रखंड कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण अपने हाथों में खाली बर्तन लेकर पहुंचे। उनका कहना था कि जब घरों में पानी नहीं है, तो यही खाली बर्तन उनकी मजबूरी और दर्द का प्रतीक हैं।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग के प्रवासी मजदूर की पुणे में बिल्डिंग गिरने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संवेदक पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों के साथ मौजूद समाजसेवी जयप्रकाश सिंह, ननकी सिंह और मुखिया निधि सिंह ने टोकीसुद जलमीनार के संवेदक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि संवेदक की लापरवाही के कारण पूरे इलाके में जल संकट गहराया है। उन्होंने संबंधित संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी की।
पानी हमारा अधिकार है
न्यू मार्केट क्षेत्र के लोगों का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी राहुल कुमार ने कहा कि पानी कोई खैरात नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
ग्रामीणों ने पतरातु बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता को उपायुक्त के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें पानी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई है। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, वार्ड सदस्य और स्थानीय प्रतिनिधि शामिल हुए। इससे साफ है कि जल संकट पूरे इलाके के लिए गंभीर समस्या बन चुका है।
अब प्रशासन पर टिकी निगाहें
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करेगा। हालांकि चेतावनी भी दी गई है कि अगर समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज हो सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।