Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ के हेसला स्थित इस्पात फैक्ट्री में सोमवार तड़के हुए भीषण विस्फोट के बाद मुआवजे को लेकर चली लंबी वार्ता में सहमति बन गई है। त्रिपक्षीय बैठक के बाद मृत मजदूरों के आश्रितों को 21-21 लाख रुपये देने का निर्णय लिया गया।
हादसे में दो मजदूरों की मौत
फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ के रांची रोड स्थित होप अस्पताल और देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह करीब 6 बजे से फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मुआवजा, बेहतर इलाज और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में अवैध कोयला खनन पर छापेमारी, कबरीबाद माइंस के पास दर्जनभर बाइक जब्त
16 घंटे बाद बनी सहमति
करीब 16 घंटे तक चले आंदोलन के बाद रात लगभग 10 बजे प्रशासन, फैक्ट्री प्रबंधन और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी मृतकों के आश्रितों को 21-21 लाख रुपये मुआवजा, सभी घायलों के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी प्रबंधन पर, स्थायी दिव्यांग होने पर एक आश्रित को नौकरी प्रबंधन की ओर से लिखित आश्वासन समझौते के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया और फैक्ट्री गेट से हट गए। इसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।