Samachar Post रिपोर्टर, रांची: बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। यहां मनेर थाना क्षेत्र में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर देर रात हमला किया गया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग के साथ तलवार और लाठी-डंडों से हमला कर इलाके में दहशत फैला दी।
15 राउंड फायरिंग से दहशत
घटना व्यापुर पूर्वी गली की है, जहां हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। इसके बाद तलवार, लाठी और रोड़ेबाजी करते हुए घर पर हमला किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए राजेश कुमार उर्फ पप्पू (राजेंद्र प्रसाद के बेटे), मनीष उर्फ गुड्डू, नितीश उर्फ बबलू घायलों में मनीष और नितीश का इलाज AIIMS पटना में चल रहा है, जबकि पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में जयनगर-पुरी एक्सप्रेस में अचानक धुआं, यात्रियों में मचा हड़कंप
इन लोगों पर लगा आरोप
परिजनों ने मुकेश, दीपक (स्व. सतेंद्र का बेटा) और प्रिंस समेत चार लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की आवाजें सुनी जा सकती हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए। पटना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।