Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में बीती रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई। बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग में मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें :राघव चड्ढा का बड़ा बयान: खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं
काउंटर पर पहुंचते ही बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुस्लिम नगर निवासी फैज खान अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। जैसे ही उसने गुड्डू खलीफा को देखा, उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगते ही समीर मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल को आनन-फानन में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
गवाही से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी फैज खान पहले भी झामुमो नेता लाड़ले हसन उर्फ लड्डू खान की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मृतक गुड्डू खलीफा उसी केस का गवाह था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसे गवाही देने से रोकने के लिए निशाना बनाया गया।
आरोपियों की तलाश जारी
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के अनुसार, इस मामले में फैज खान समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात बाजार में हुई गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post