Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात में एक युवक ने अपनी ममेरी बहन की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुआ कौड़ियां गांव की है। रविवार रात बिट्टू कुमार सिंह और उसकी ममेरी बहन खुशबू कुमारी एक ही कमरे में सोए हुए थे। देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बिट्टू ने घर में रखी टांगी से खुशबू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :रांची पुलिस को अल्टीमेटम: 24 घंटे में झारनेट अपडेट नहीं किया तो रुकेगा वेतन
हत्या के बाद फरार, सुबह ट्रैक पर मिला शव
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सोमवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उसने खुदकुशी की बात भी कही थी। घटना की खबर मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि खुशबू अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
पुलिस जांच में जुटी, हथियार बरामद
सदर थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद कर ली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post