Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। करीब 6:05 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पहुंचे और नसीम खान के घर के बाहर रुक गए। इसके बाद बिना किसी चेतावनी के लगातार चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से ग्रामीण दहशत में आ गए और घरों में छिप गए।
यह भी पढ़ें :महिला कोच में चढ़े धनबाद सांसद ढुलू महतो, वायरल फोटो से मचा विवाद, RPF कर रही जांच
पैसा नहीं दोगे तो ऐसा होता रहेगा– धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के दौरान अपराधियों ने धमकी दी पैसा नहीं दोगे तो ऐसा होता रहेगा। इस बयान के बाद घटना को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधियों का मकसद डर पैदा करना और पैसे की मांग करना हो सकता है। पीड़ित नसीम खान ने बताया कि वे पेशे से ड्राइवर हैं और उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक हुई इस घटना से उनका पूरा परिवार सहम गया है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के भागने के रास्ते और इस्तेमाल की गई बाइक की पहचान करने की कोशिश जारी है।
कोई घायल नहीं, लेकिन गांव में डर का माहौल
हालांकि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल है। लोग अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने साफ किया है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। रंगदारी और व्यक्तिगत दुश्मनी दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
Reporter | Samachar Post