Samachar Post रिपोर्टर,रांची :मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। उग्रवादी संगठन TSPC (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है और कई वर्गों को खुली धमकी दी है। TSPC की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मुंडाधौड़ा क्षेत्र में लिपटर और पिपरवार कांटा घर के पास फायरिंग की गई। संगठन के सदस्य ऋषिकेश के नाम से जारी बयान में कहा गया है कि इस घटना में वसुदेव गंगू को गोली लगी।
यह भी पढ़ें :गिद्धौर थाना प्रभारी समेत दो जवान सस्पेंड, वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई
ट्रांसपोर्टर और ठेकेदारों को खुली चेतावनी
संगठन ने अपने बयान में कोयलांचल क्षेत्र में काम कर रहे ट्रांसपोर्टर, डंप कमिटी, ट्रक-हाइवा मालिक, ड्राइवर, खलासी, ईंट भट्ठा संचालक और छोटे-बड़े ठेकेदारों को चेतावनी दी है। कहा गया है कि संगठन से बातचीत किए बिना कोई भी काम शुरू न करें, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
नसीम खान के घर पर बरसाई गई थीं गोलियां
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब 6:05 बजे अज्ञात अपराधियों ने मुंडाधौड़ा गांव में नसीम खान के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे और करीब चार राउंड गोलियां चलाकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने धमकी भी दी थी “पैसा नहीं दोगे तो ऐसा ही होता रहेगा”, जिससे घटना को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है। नसीम खान, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं है। अचानक हुई इस घटना से उनका परिवार और पूरा गांव सहम गया है।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि प्रेस विज्ञप्ति की सत्यता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
Reporter | Samachar Post