Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार :झारखंड के लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय में रामनवमी जुलूस के बाद 18 लोगों पर दर्ज FIR के विरोध में शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। हिंदू समाज के लोगों ने बाजार बंद कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और केस वापस लेने की मांग की।
यह भी पढ़ें :धनबाद जेल में IG का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर सख्ती
रामनवमी जुलूस के बाद दर्ज हुई FIR, बाजार बंद कर जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, बालूमाथ में हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी का जुलूस बड़े पैमाने पर निकाला गया, जो करीब 12 घंटे तक चला। जुलूस के बाद अलग-अलग मामलों में तीन अखाड़ों से जुड़े कुल 18 लोगों पर पुलिस ने FIR दर्ज की। FIR की खबर मिलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय स्तर पर बैठक के बाद विरोध के रूप में बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार सुबह से ही बालूमाथ के अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया।
केस वापस लेने की मांग तेज
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मोनू कुमार ने प्रशासन से मांग की कि 18 लोगों पर दर्ज FIR को तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रामनवमी के दौरान एक पुलिस अधिकारी द्वारा पूजा समिति के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
शांतिपूर्ण आयोजन के बाद कार्रवाई पर सवाल
सांसद प्रतिनिधि प्रेम प्रसाद गुप्ता ने कहा कि रामनवमी का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। ऐसे में बाद में FIR दर्ज होने से लोगों में असमंजस की स्थिति है। उन्होंने बताया कि समाज का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखेगा।
भाजपा नेता ने उठाए सवाल
वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश सिंह ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सभी समुदायों के सहयोग से त्योहार संपन्न हुआ, तो बाद में केस दर्ज करने का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि FIR केवल डीजे बजाने को लेकर नहीं, बल्कि अन्य कानूनी कारणों के आधार पर दर्ज की गई है।
Reporter | Samachar Post