Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :कोल्हान विश्वविद्यालय ने बीएड तृतीय सेमेस्टर (सत्र 2023–25) के परिणाम जारी करने में बड़ी कार्रवाई की है। इंटर्नल परीक्षा के अंक समय पर जमा नहीं करने पर छह बीएड कॉलेजों के रिजल्ट पर रोक लगा दी गई है, जिससे 500 से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं। जनवरी 2026 में आयोजित बीएड तृतीय सेमेस्टर परीक्षा का प्रोविजनल परिणाम विश्वविद्यालय ने जारी कर दिया है। हालांकि कुल 16 कॉलेजों में से केवल 10 संस्थानों के ही नतीजे घोषित किए गए हैं, जबकि 6 कॉलेजों के परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें :चतरा में 14 वर्षीय छात्रा गर्भवती, आवासीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरफ्तार
इन कॉलेजों के रिजल्ट पर रोक
जिन कॉलेजों के परिणाम रोके गए हैं, उनमें शामिल हैं ग्रेजुएट कॉलेज, बहरागोड़ा कॉलेज, महिला कॉलेज चाईबासा, एमबीएनएस बीएड कॉलेज, डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन, आशु किस्कु मेमोरियल, रबी किस्कु शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान हैं। वहीं जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, करीम सिटी कॉलेज समेत अन्य संस्थानों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, संबंधित कॉलेजों द्वारा इंटर्नल परीक्षा के अंक समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण यह कार्रवाई करनी पड़ी। इसी वजह से छात्रों का परिणाम अटक गया है।
कॉलेजों ने जताई आपत्ति, छात्रों में बढ़ी चिंता
कॉलेज प्रबंधन ने विश्वविद्यालय के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि इंटर्नल अंक समय पर भेज दिए गए थे। उनका कहना है कि अगर कोई कमी थी तो पहले स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए था, न कि सीधे छात्रों का परिणाम रोका जाए। इस फैसले से सैकड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही इंटर्नल अंक उपलब्ध कराए जाएंगे, रोके गए कॉलेजों के परिणाम तुरंत जारी कर दिए जाएंगे।
Reporter | Samachar Post