Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :मारंगहादा थाना क्षेत्र के लांदूप पंचायत के कातुब गांव में गुईया पाहन और उनकी पत्नी सिनी पहनाईन पर उनके ही भतीजों ने टांगी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स अस्पताल भेजा गया। सिनी पहनाईन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पेड़ से करंज तोड़ने को लेकर गुईया पाहन और उनके भतीजों के बीच विवाद हुआ था। गांव वालों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन बुधवार रात करीब 9 बजे भतीजे कुंवर पाहन और हंगीरा पाहन घर में घुसकर अचानक हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें :घाटी में ट्रक पलटा, खलासी की मौत, ड्राइवर समेत दो की हालत गंभीर
अंधविश्वास के कारण हुआ हमला
घायलों के बयान के अनुसार, गुईया पाहन के बड़े भाई की पत्नी सोमवारी देवी अक्सर बीमार रहती हैं। उनके भाई और भतीजे अपने अंधविश्वास के चलते सिनी पहनाईन पर डायन होने का आरोप लगाते थे। इसी शक और अंधविश्वास ने इस जानलेवा हमले को जन्म दिया।
पुलिस जांच और फरार आरोपी
मारंगहादा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई जारी है।
Reporter | Samachar Post