Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। 19 अप्रैल 2026 को एक ही दिन JPSC PT परीक्षा और सिविल कोर्ट नियुक्ति इंटरव्यू तय होने से कई अभ्यर्थियों के लिए दोनों में शामिल होना मुश्किल हो गया है।
यह भी पढ़ें :झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: लिपिकों के प्रमोशन और सेविकाओं की भूमिका में बदलाव
एक ही दिन दो अहम परीक्षाएं
JPSC ने झारखंड असैनिक संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-1/2026) की प्रारंभिक परीक्षा के लिए 19 अप्रैल की तिथि तय की है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। वहीं झारखंड हाईकोर्ट ने सिविल कोर्ट में असिस्टेंट और क्लर्क पदों पर नियुक्ति के लिए इंटरव्यू 13 अप्रैल से 19 अप्रैल तक निर्धारित किया है। कई अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 19 अप्रैल को ही तय है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
छात्रों के सामने बड़ा संकट, तिथि बदलने की उठी मांग
ऐसे अभ्यर्थी जो दोनों प्रक्रियाओं में शामिल हैं, उनके सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि वे एक ही दिन परीक्षा और इंटरव्यू दोनों में कैसे शामिल होंगे। समय टकराव के कारण कई छात्र एक अवसर से वंचित हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार, कई छात्रों ने हाईकोर्ट से इंटरव्यू की तारीख बदलने की मांग की है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से अपील की है कि तिथि में बदलाव किया जाए, ताकि वे दोनों परीक्षाओं में शामिल हो सकें।
छात्रों ने जताई नाराजगी
अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर परीक्षा किसी दूसरे राज्य की होती, तो स्थिति अलग होती। लेकिन झारखंड की दो प्रमुख संस्थाओं द्वारा एक ही दिन महत्वपूर्ण परीक्षा और इंटरव्यू आयोजित करना छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।
Reporter | Samachar Post