Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिल सकती है।
4 अप्रैल को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 4 अप्रैल को झारखंड के 11 जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा और धनबाद में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के भी आसार हैं। संभावित मौसम को देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
शुरुआती दिनों में राहत, बाद में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं महीने के पहले सप्ताह में हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दूसरे और तीसरे सप्ताह में गर्मी तेजी से बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा की संपत्ति का खुलासा
42 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, अप्रैल के अंत तक अधिकतम तापमान पुराने रिकॉर्ड को पार कर सकता है। 2016 में रांची का तापमान 42°C तक पहुंचा था। 2022 में 41.6°C दर्ज किया गया था। इस बार भी तापमान 42°C या उससे अधिक जाने के संकेत, फिलहाल राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
खेती पर पड़ सकता है असर
मौसम में इस बदलाव का असर कृषि पर भी पड़ सकता है। तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान आम के टिकोले प्रभावित होने की आशंका दलहन फसलों में फफूंद रोग का खतरा कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे सब्जियों की नर्सरी को पॉलीथिन या पॉलीहाउस से सुरक्षित रखें।
लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय लू और गर्म हवाओं से बचने की सलाह दी है। साथ ही अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।