Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के झरिया इलाके में स्थित चौथाई कुल्ही के धर्मनगर में अचानक जमीन में दरारें पड़ने से लोगों में डर का माहौल बन गया है। धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के पास बसी इस बस्ती में एक दर्जन से ज्यादा घरों की दीवारों और फर्श पर लंबी दरारें उभर आई हैं। इससे इलाके में भूधंसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक जमीन धंसने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दरारों का लगातार चौड़ा होना स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। हालात को देखते हुए कई परिवार एहतियातन अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
यह भी पढ़ें :नक्सल ऑपरेशन के बीच हादसा, आंधी में पेड़ गिरने से सीआरपीएफ जवान की मौत
50 साल से रह रहे हैं निवासी
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इलाका पहले खनन क्षेत्र रह चुका है और वे पिछले करीब 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका मानना है कि जमीन के नीचे मौजूद पुरानी खदानों की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे अब जमीन कमजोर हो गई है।
प्रशासन और बीसीसीएल से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल को घटना की जानकारी दे दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। लोगों ने मांग की है कि विशेषज्ञों द्वारा इलाके का वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए और संभावित खतरे को देखते हुए जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
Reporter | Samachar Post