- 10 दिन पहले ही हॉस्टल में आया था छात्र, शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा; संचालक हिरासत में
Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : जहानाबाद बिहार के जहानाबाद जिले में एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में 5 साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना कड़ौना थाना क्षेत्र के कनौदी के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान बुलाकी बिगहा निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशू कुमार के रूप में हुई है, जो करीब 10 दिन पहले ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने आया था। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को फोन कर बच्चे की तबीयत खराब होने की सूचना दी। परिजन तुरंत पहुंचे और बच्चे को पटना के एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर चोट के निशान मिलने का आरोप
परिजनों ने बच्चे की मौत को संदिग्ध बताते हुए स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान थे। मृतक के मामा राहुल कुमार के अनुसार गर्दन और पेट पर धारदार हथियार जैसे निशान दिखाई दिए, जिससे मामले को लेकर संदेह गहरा गया है।
यह भी पढ़ें: BPSC चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, इंटरव्यू पैनल में अब वरिष्ठ IAS/IPS अधिकारी रहेंगे अनिवार्य
घटना के बाद हंगामा, सड़क जाम
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया।
स्कूल संचालक हिरासत में, जांच शुरू
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्कूल संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।