Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में रामनवमी विसर्जन जुलूस के दौरान एक परिवार पर कथित जानलेवा हमला हुआ। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता हेमंत वर्मा के अनुसार, 28 मार्च को गोलमुरी बजरंग अखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विवाद के बाद कुछ लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तलवार, चापड़ और डंडों का इस्तेमाल किया, जिससे परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान परिवार की महिला सदस्य के साथ छेड़छाड़ की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। इस घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें :रांची में महिला के चेहरे पर कालिख पोतने का मामला गरमाया, आदिवासी संगठनों का विरोध, आरोपी के घर में तोड़फोड़
धमकियों का सिलसिला जारी
पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि परिवार का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आरोप है कि हमलावर उन्हें शहर छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। इसके बावजूद वे खुलेआम घूम रहे हैं।
प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल पुलिस सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में प्रशासन के कदमों पर सबकी नजर बनी हुई है।
Reporter | Samachar Post