Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग :झारखंड के हजारीबाग में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। जिला कोषागार से करीब 15.41 करोड़ रुपये की अवैध निकासी के मामले में पुलिस ने तीन सिपाहियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में शंभू कुमार, रजनीश सिंह और धीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने वित्तीय गड़बड़ी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। वित्त विभाग द्वारा किए गए डाटा एनालिसिस में संदिग्ध ट्रांजेक्शन का पता चला। इसके बाद अपर समाहर्ता की अगुवाई में 4 सदस्यीय जांच टीम गठित की गई, जिसने पूरे घोटाले का खुलासा किया।
यह भी पढ़ें :RIMS जमीन घोटाला: दलाल-बिल्डर गिरफ्तार, अब 16 सरकारी अफसर ACB के रडार पर
फर्जी पे आईडी बनाकर निकाली रकम
जांच में सामने आया कि अस्थायी (फर्जी) पे आईडी बनाकर सरकारी राशि की अवैध निकासी की गई। निकाली गई रकम को अलग-अलग संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। जांच के बाद 21 संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। इन खातों में मौजूद करीब 1.60 करोड़ रुपये की राशि को भी सुरक्षित कर लिया गया है।
FIR दर्ज, जांच जारी
इस मामले में जिला कोषागार पदाधिकारी ने लोहसिंगना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बोकारो में भी सामने आया था ऐसा मामला
गौरतलब है कि बोकारो में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। यहां लेखपाल कौशल कुमार पांडेय ने रिटायर्ड हवलदार के नाम पर करीब 4.28 करोड़ रुपये की अवैध निकासी कर ली थी और रकम को अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किया था।
Reporter | Samachar Post